पुत्र को टांगी मारकर हत्या करने वाला आरोपी पिता गिरफ्तार
अनूपपुर/पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा तथा थाना प्रभारी भालूमाड़ा के मार्गदर्शन में फुनगा चौकी पुलिस द्वारा हत्या के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को मात्र 03 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।
घटना विवरण:- गत दिनांक 25.12.2025 को फोन के माध्यम से फुनगा चौकी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मोहरी, देवान टोला में एक पिता ने अपने ही पुत्र की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर फुनगा चौकी पुलिस टीम हमराही स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुँची।मौके पर राजबहोर सिंह पिता अमीर सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी देवान टोला मोहरी, बड़ी चौकी फुनगा का शव उसके घर की परछी में मृत अवस्था में पाया गया।घटना के संबंध में मृतक की पत्नी विमला सिंह से पूछताछ करने पर बताया गया कि वह काम पर जाने हेतु टिफिन तैयार कर रही थी तथा उसका पति कमरे से धान निकाल रहा था। इसी दौरान ससुर अमेर सिंह ने धान निकालने से मना किया, जिस पर मृतक ने मजदूरी से कमाए धान पर अपना अधिकार बताया। इसी बात पर नाराज होकर आरोपी अमेर सिंह ने पास में रखी टांगिया से मृतक के कनपटी पर वार कर दिया। गिरने के बाद भी आरोपी ने लगातार 4–5 बार टांगिया से वार किए, जिससे मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके पश्चात आरोपी फरार हो गया।फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना भालूमाड़ा में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी अमेर सिंह को गिरफ्तार कर दिनांक 26.12.2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अहम भूमिका:- इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भालूमाड़ा श्री विपुल शुक्ला, चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते, सहायक उप निरीक्षक कोमल अरजरिया, प्रधान आरक्षक अनिल तिवारी, आरक्षक सूर्यभान सिंह, वीर सिंह एवं अमन दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

