न्यू जोन इंडिया-टोरेंट पावर की पर्यावरणीय जनसुनवाई ग्रामीणों के पूर्ण समर्थन से संपन्न

Share this post

न्यू जोन इंडिया-टोरेंट पावर की पर्यावरणीय जनसुनवाई ग्रामीणों के पूर्ण समर्थन से संपन्न

अनूपपुर। जिले के अनूपपुर तहसील अंतर्गत ग्राम रक्सा–कोलमी क्षेत्र में प्रस्तावित न्यू जोन इंडिया–टोरेंट पावर लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जा रहे थर्मल पावर प्लांट को लेकर पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया के अंतर्गत आज रक्सा ग्राम में पर्यावरण जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई शांतिपूर्ण वातावरण में निर्विरोध रूप से सम्पन्न हुई।जनसुनवाई में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण अधिकारी अशोक तिवारी तथा अपर कलेक्टर दिलीप पांडेय मौजूद रहे।इस दौरान रक्सा, कोलमी सहित आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय पहलुओं, वायु प्रदूषण, जल संरक्षण, फ्लाई ऐश प्रबंधन एवं वृक्षारोपण जैसे मुद्दों पर अपने सुझाव एवं आशंकाएं व्यक्त कीं।

कंपनी के अधिकृत सलाहकारों एवं प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों द्वारा उठाए गए प्रत्येक प्रश्न का क्रमवार एवं तथ्यात्मक जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों का पालन किया जाएगा तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा।जनसुनवाई के दौरान कंपनी की ओर से फ्लाई ऐश के वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं नियमानुसार प्रबंधन की प्रतिबद्धता जताई गई।साथ ही परियोजना क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में एक लाख से अधिक पौधारोपण किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।प्रशासनिक अधिकारियों ने जनसुनवाई की प्रक्रिया को पारदर्शी, लोकतांत्रिक एवं पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप बताते हुए इसे सफल बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहभागिता और सुझावों को अभिलेख में दर्ज किया गया है, जिन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। प्रभावित ग्राम रक्सा–कोलमी के सभी जनप्रतिनिधि सरपंच,उपसरपंच एवं किसान जनों ने एक स्वर में संपूर्ण समर्थन दिया और कंपनी से रोजगार व सभी मूलभूत सुविधाओं के प्रदान हेतु अपेक्षा जाहिर की।कुल मिलाकर यह जनसुनवाई शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसमें ग्रामीणों, प्रशासन और कंपनी के बीच सार्थक संवाद स्थापित हुआ।

Bhupendra Patel
Author: Bhupendra Patel

error: Content is protected !!