Report -जगदीश भटट उमरिया
कथली नदी में अवैध रेत उत्खनन बेलगाम
ठेकेदार के गुर्गे ददरौडी घाट पर कर रहे नाला खोखला
संवाददाता उमरिया
उमरिया। जिले के जनपद मानपुर की ग्राम पंचायत मझगवां अंतर्गत कथली नदी के ददरौडी घाट पुलिया के पास अवैध रेत उत्खनन खुलेआम जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की शह पर नदी और नाले को इस कदर खोखला किया जा रहा है कि नदी और ज़िन्दा नालों का अस्तित्व समाप्ति की ओर अग्रसर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियम-कानून को ताक पर रखकर दिन-रात रेत निकाली जा रही है। इससे न केवल नदी का अस्तित्व खतरे में है, बल्कि पुलिया और आसपास की सड़कें भी कमजोर होती जा रही हैं। बावजूद इसके खनिज विभाग उमरिया की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
सूत्रों की माने तो अवैध रूप से निकाली गई रेत को ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है। और अवैध कारोबार टोकन सिस्टम के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिससे कार्रवाई से बचने का रास्ता बनाया गया है। जबकि बताया गया कि यहां पर कोई रेत खदान स्वीकृत नहीं है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि अवैध उत्खनन की जानकारी होने के बावजूद खनिज विभाग उमरिया मानो गहरी नींद में सोया हुआ है। न तो मौके पर निरीक्षण हो रहा है, और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई देखने को मिल रही है, जिससे विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि तत्काल स्थल निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाई जाए तथा खनिज विभाग की कार्यप्रणाली की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

