🟥APR NEWS/जबलपुर
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ RPF की सख्त कार्रवाई,महिलाओं को दी गई समझाइश
✍️श्याम दास मानिकपुरी,विशेष संवाददाता
अवैध विक्रेताओं पर सख्ती,RPF की कार्रवाई
जबलपुर।पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत जबलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ रेल सुरक्षा बल(RPF)ने सख्त रुख अपनाया है। दिनांक 25 मार्च 2026 को RPF जबलपुर पोस्ट के निरीक्षक राजीव के नेतृत्व में स्टेशन क्षेत्र में अनाधिकृत विक्रय कर रही महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें पोस्ट पर बुलाया गया और विधिसम्मत समझाइश दी गई।
केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं को अनुमति
इस दौरान सभी महिलाओं को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि रेलवे स्टेशन परिसर में केवल लाइसेंसधारी अधिकृत वेंडर ही खाद्य एवं पेय सामग्री बेच सकते हैं।बिना अनुमति इस प्रकार की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं,बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए भी खतरा बन सकती हैं।
जागरूकता के साथ सख्त चेतावनी
निरीक्षक राजीव द्वारा बेहद संतुलित और सराहनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए पहले जागरूकता पर जोर दिया गया और महिलाओं को भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिना लाइसेंस अवैध रूप से विक्रय करते हुए पाया जाता है,तो उसके खिलाफ रेल अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार अभियान,सैकड़ों मामलों में कार्रवाई
विशेष उल्लेखनीय है कि निरीक्षक राजीव द्वारा कार्यभार संभालने के बाद से ही रेलवे परिसर में अवैध एवं नकारात्मक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्ती दिखाई जा रही है।वे अपने दल-बल के साथ पूर्ण सतर्कता एवं चुस्ती-फुर्ती के साथ नियमित अभियान चलाते हुए कार्यवाही कर रहे हैं।बीते समय में रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सैकड़ों प्रकरणों में कार्यवाही की जा चुकी है,जो उनकी कार्यशैली और कानून के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
सख्ती और संवेदनशीलता का संतुलन
निरीक्षक राजीव की कार्यप्रणाली में एक ओर जहां नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है,वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को समझाइश देकर जागरूक भी किया जाता है।यही संतुलित दृष्टिकोण उन्हें एक जिम्मेदार एवं जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी के रूप में स्थापित करता है।
प्रशासन की सक्रियता का उदाहरण
RPF की यह पहल जहां एक ओर कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, वहीं दूसरी ओर मानवीय संवेदनशीलता के साथ लोगों को समझाकर सुधारने का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है और इसे रेलवे प्रशासन की सक्रियता एवं जवाबदेही का प्रतीक माना जा रहा है।

