रायपुर में गैस हादसा: इलाज के दौरान पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर हालत में भर्ती

adbanao_collage1745682808502

Share this post

 

रायपुर, 26 अप्रैल 2025:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसे ने ग्राम पंचायत गोधन, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के एक प्रवासी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मजदूरी के लिए रायपुर आए अशोक कुमार महरा (45 वर्ष) और उनकी पत्नी सीता बाई महरा (42 वर्ष) की गैस सिलेंडर से आग लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी 14 वर्षीय पुत्री कंचन महरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार महरा परिवार सहित लगभग एक माह पूर्व मजदूरी के सिलसिले में रायपुर आए थे और किराए के मकान में रह रहे थे। 23 अप्रैल 2025 को सुबह अचानक गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण कमरे में भीषण आग लग गई। हादसे में पति-पत्नी और उनकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गए।

तीनों को तत्काल DKS Super Speciality Hospital, रायपुर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अशोक कुमार महरा ने 25 अप्रैल 2025 को दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी सीता बाई महरा का 26 अप्रैल 2025 को निधन हो गया। उनकी पुत्री कंचन महरा की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में विशेष देखरेख में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर लीक होना हादसे का मुख्य कारण माना गया है।

इस दर्दनाक हादसे से ग्राम पंचायत गोधन, जिला अनूपपुर और रायपुर दोनों स्थानों पर शोक का माहौल है। ग्रामीणों और मजदूर संगठनों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने और बच्ची के समुचित इलाज की मांग की है।

APR NEWS
Author: APR NEWS

About the Author

error: Content is protected !!