बकहो की अध्यक्ष मौसमी केवट ने अवैध शराब कारोबार पर कसा शिकंजा, थाना अमलाई को सौंपा तीखा पत्र
बकहो/शहडोल, 3 अगस्त 2025
बकहो नगर परिषद क्षेत्र में खुलेआम फल-फूल रहे अवैध शराब कारोबार पर अब नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने थाना प्रभारी अमलाई को एक कड़े शब्दों वाला लिखित आवेदन सौंपते हुए कहा है कि यदि क्षेत्र में चल रही अवैध शराब पैकारी पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही नहीं हुई, तो नगर परिषद स्तर पर उग्र जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
अपने आवेदन में अध्यक्ष मौसमी केवट ने लिखा कि बकहो क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध शराब की खुलेआम बिक्री की जा रही है, जिससे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो चुका है। महिलाओं, स्कूली बच्चियों और आम नागरिकों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन गाली-गलौज, झगड़े और अपराध की घटनाएँ बढ़ रही हैं।
उन्होंने थाना अमलाई से स्पष्ट रूप से FIR दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही, छापेमारी अभियान और स्थायी प्रतिबंध की माँग की है।
मौसमी केवट ने चेतावनी देते हुए कहा,
“यह कोई निवेदन नहीं, बल्कि जनता की ओर से दृढ़ चेतावनी है। यदि प्रशासन आँखें मूँदे बैठा रहा तो नगर परिषद जनसहयोग से आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”
नगर परिषद अध्यक्ष की यह कड़ी प्रतिक्रिया अब क्षेत्र में हलचल मचा रही है। आम जनता ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन अब कार्रवाई में देर नहीं करेगा।
यह खबर जनता के उन स्वरों की गूंज है जो अब चुप नहीं बैठेंगे। बकहो बोलेगा – “शराब मुक्त नगर चाहिए!”


